वाराणसी। बनारस में आयकर अपीलीय अधिकरण का सर्किट बेंच खुल गया है। इसके बाद बनारस समेत पूर्वांचल के 11 जिलों के करदाताओं को इलाहाबाद कार्यालय तक भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। अब उनकी कर संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान इसी बेंच में हो सकेगा। बुधवार को सीए शिशिर बाजपेयी, एडवोकेट अरविंद शुक्ला, व्यवसायी अरविंद सिंह, एडवोकेट जोसिम जफर ने प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी।
कैंटोंमेंट स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता में इससे जुड़े लोगों ने इसका श्रेय बनारस के सांसद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया है। कहा कि 21 मई को अधिकरण के अध्यक्ष जीडी अग्रवाल की ओर से आदेश जारी होने के बाद से ही बेंच ने काम करना शुरू कर दिया है। फिलहाल इसका कार्यालय अभी मकबूल आलम रोड स्थित आयकर कार्यालय में हैं लेकिन बहुत जल्द ही चार हजार स्क्वायर फीट में आफिस बनकर तैयार हो जाएगा। जुलाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसका उद्घाटन कराने की भी तैयारी है। बताया कि न केवल व्यापारियों की कर संबंधी समस्याएं दूर होंगी बल्कि आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। आगरा, लखनऊ और इलाहाबाद के बाद बनारस में यह चौथा बेंच हैं।