ज्ञानपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय में शनिवार को नौवीं की प्रवेश परीक्षा के दौरान उस समय खलबली मच गई, जब अभ्यर्थियों के सापेक्ष कम ओमएमआर सीट कम हो गई। करीब 40 अभ्यर्थियों का मामला होने पर फोटो स्टेट कराकर परीक्षा संपन्न कराई गई। प्रशासन से नामित नोडल अधिकारी ने जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपी।
जवाहर नवोदय विद्यालय ज्ञानपुर में नौवीं की रिक्त छह सीटों के लिए जिले भर से 218 आवेदन आए थे। उसी की परीक्षा शनिवार को सुबह 10 बजे से 12 बजकर 30 बजे तक होनी थी। सुबह 10 बजे से पूर्व नवोदय प्रशासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के हाथ-पांव फूलने लगे। हुआ यूं कि नवोदय के केंद्रीय टीम की ओर से विद्यालय को सिर्फ 124 ओएमआर सीट भेजी गई थी, जबकि परीक्षार्थियों की संख्या 162 हो गई। परीक्षा को लेकर सभी परेशान हो गए। आनन-फानन में नवोदय विद्यालय की ओर से ओमएमआर सीट की फोटो कापी कराकर परीक्षा संपन्न कराई गई। इसको लेकर तमाम सवाल खड़े हो गए हैं।
कंप्यूटर से कापियों का मूल्यांकन ऐसी स्थिति में होना मुश्किल ही दिख रहा है। 11 कक्षों में संपन्न हुई। परीक्षा में 56 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। नोडल अधिकारी आशीष कुमार ने कहा कि फोटोकापी कराने की व्यवस्था का विरोध किया, जिस पर विद्यालय प्रशासन की ओर से कहा गया कि उच्चाधिकारियों से वार्ता की गई है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट बनाकर डीएम को भेज दी गई है। नवोदय के प्राचार्य केबीएस यादव ने कहा कि ओएमआर सीट कम होने की स्थिति में रिजनल आफिस से बात की गई। वहां से निर्देश मिलने पर उसकी फोटो कापी कराई गई। फोटोकापी से परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को दूसरी कक्षा में बैठाया गया। कंप्यूटर के बजाए अब मैनुअल ही उनकी जांच की जाएगी।