भदोही। जिलाधिकारी विशाख जी के निर्देश पर बुधवार को उपजिलाधिकारी ज्ञानपुर ने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर नगर के चौरी रोड
पर संचालित एक और डायग्नास्टिक सेंटर को सीज कर दिया। गत माह ताबड़तोड़ कई पैथालाजी और डायग्नास्टिक केंद्रों की जांच में भारी अनियमितता मिलने के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई से जिले भर में मानक के विपरी चल रहे ऐसे केंद्र संचालकों में खलबली मच गई है।
दोपहर दो बजे एसडीएम ज्ञानपुर आशीष कुमार यादव, पुलिस उपाधीक्षक अभिषेक पांडेय और स्वास्थ्य विभाग की टीम चौरी रोड इंदिरा मिल के पास भदोही डायग्नोस्टिक सेंटर पहुंचे और सीज करने की कार्रवाई की। एक सप्ताह में इस तरह की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। जिलाधिकारी ऐसे अल्ट्रासाउंड और पैथालाजी केंद्रों के खिलाफ सख्ती बरत रहे हैं, जो मानक को नहीं अपना रहे हैं। ऐसे केंद्रों की कई शिकायतें मिलने के बाद गत माह स्वास्थ्य विभाग और अधिकारियों को मिल कर सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया था। अभियान के बाद जिन केंद्रों के खिलाफ शिकायत मिली थी उनके विरुद्ध कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
कार्रवाई में शामिल स्वास्थ्य विभाग के डॉ. जीसी सरोज और सुरेंद्र कुमार पाल ने बताया कि केंद्र के अल्ट्रासाउंड मशीन व कक्ष को सील कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि शहर में काफी समय से इस तरह के केंद्र संचालित हैं, जिनके विरुद्ध अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। कार्रवाई से शहर में खलबली मची हुई है।