वाराणसी। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में रविवार को आयोजित भगवान श्री चित्रगुप्त पूजन और पारिवारिक मिलन समारोह में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। युवाओं की रंगारंग प्रस्तुतियों पर खूब तालियां गूंजीं। भगवान चित्रगुप्त की सामूहिक आरती की गई। इस दौरान वक्ताओं ने आह्वान किया कि कायस्थ समाज अपने हक के लिए पूरी एकजुटता के साथ आगे आए।
पराड़कर भवन के गर्दे सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान चित्रगुप्त पूजन के साथ हुआ। इसके बाद सदस्यों ने चित्रगुप्त स्तृति और आरती की। कस्तूरी श्रीवास्तव, आरती, स्वर्णा, प्रिया, शालिनी ने गणेश वंदना की भव्य प्रस्तुति की। इसी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। पल्लवी, प्रिया ने ‘कभी शाम ढले तो मेरे दिल में आ जाना’ गीत प्रस्तुत कर वाहवाही बटोरी। अनुराग श्रीवास्तव ने कृष्ण वंदना और नृत्य नाटिका के साथ भजनों की सुमधुर प्रस्तुति दी। रोशन श्रीवास्तव ने तबला वादन से सभी का मन मोहा। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान करने वाले समाज के सदस्यों को सम्मानित किया गया। अतिथियों में वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. मुकेश श्रीवास्तव, राष्ट्रीय सचिव शशिकांत श्रीवास्तव, प्रदेश संगठन मंत्री शैलेंद्र श्रीवास्तव आदि ने समाज के लोगों से एकजुटता की अपील की। कहा कि आने वाले नगर निकाय चुनाव में मतदान अवश्य करें। अपने सामाजिक-राजनीतिक हक के लिए अधिकाधिक मतदान जरूरी है। अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव ने संगठन के कार्यों पर प्रकाश डाला। अतिथियों का स्वागत कार्यकारी जिलाध्यक्ष रमन श्रीवास्तव और धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष अनिल श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान रवींद्र श्रीवास्तव, डॉ. शिप्रा श्रीवास्तव, रामात्मा श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।