एक पाकिस्तानी समेत नौ लोगों की ठंड लगने से मौत हो गई। पाकिस्तान के रिटायर्ड कस्टम अफसर नूर मोहम्मद खां (82) की रामनगर के मछरहट्टा में मौत की सूचना पाकिस्तानी दूतावास एवं गृह मंत्रालय को देने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
उनका पोस्टमार्टम रविवार को होगा। मृतकों में अन्य आठ लोग लोहता, मिर्जामुराद, जंसा और फूलपुर, चोलापुर क्षेत्र के निवासी थे। घर वालों ने प्रशासन को सूचना दिए बगैर इनका अंतिम संस्कार कर दिया।
पाकिस्तान के सिंघ स्थित सौदाबाद की मनीर कालोनी निवासी रिटायर्ड कस्टम अफसर नूर मोहम्मद खां (82) पुत्र स्व. फतेह खान अपनी पत्नी कैसर जहां (77) के साथ रामनगर क्षेत्र के मछरहट्टा में नजदीकी रिश्तेदार वशीर खां के यहां 17 दिसंबर को आए थे।
रिश्तेदारों ने बताया कि शुक्रवार रात ठंड लगने से नूर मोहम्मद खां की तबीयत खराब हो गई। उन्हें निजी चिकित्सालय ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई। इसकी सूचना पर एलआईयू के अफसर और पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।
पाकिस्तानी दंपती दस दिन पहले भारत आया था। नूर मोहम्मद की पत्नी कैसर जहां (77) की भी ठंड से स्थिति गंभीर है। नूर मोहम्मद को रविवार को रामनगर में सुपुर्द-ए- खाक किया जाएगा। लोहता के बखरिया में श्यामलाल (42) की ठंड से मौत हो गई। लोहता निवासी जमुना साव (70) को सुबह ठंड लग गई। थोड़ी देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
मिर्जामुराद के खोंचवा में इनरा देवी (50) पत्नी कन्हैया लाल की सुबह हालत बिगड़ गई।
निजी अस्पताल में इनरा की मौत हो गई। डॉक्टरों ने ठंड लगने से मौत की पुष्टि की। जंसा क्षेत्र के खरगूपुर निवासी शीतल (60) पत्नी कल्लू पटेल की दोपहर और भाऊपुर में अमरावती देवी (55) पत्नी अक्षयबर की सुबह ठंड लगने से मौत हो गई। फूलपुर क्षेत्र के कथौली निवासी सुखदेई देवी (58) ने ठंड लगने से दम तोड़ दिया।
वह पशु चिकित्सालय पिंडरा में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थी। शनिवार सुबह वह स्नान करने के बाद पूजा करने मंदिर गई थी। लौटने पर उसकी तबियत खराब हो गई। घर वाले उसे अस्पताल ले गए जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
फूलपुर के ही जमापुर गांव निवासी किसान रामजी पटेल (40) की शनिवार शाम मौत हो गई।
घरवाले उनको पीएचसी पिंडरा ले जाया गया जहां शाम को दम तोड़ दिया। चोलापुर क्षेत्र के नेहिया की गुदना देवी (60) की ठंड से मौत हो गई। सीडीओ विशाख जी ने परिवार को पांच हजार रुपये की सहायता दी है। सीडीओ ने इस गांव को गोद लिया है।