वाराणसी। सातवें चरण के मतदान के लिए शनिवार को अलग-अलग सात स्थानों से विधानसभा वार पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। देर शाम तक सभी मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं। वाराणसी संसदीय सीट पर 18 लाख 54 हजार 541 मतदाता और चंदौली की दो विधानसभाओं के सात लाख सात हजार 932 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुबह सात बजे से 2920 केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
इससे पहले पुलिस लाइन से अजगरा, बड़ालालपुर हस्तकला संकुल से शिवपुर क्षेत्र, सांस्कृतिक संकुल से शहर उत्तरी, कटिंग मेमोरियल स्कूल नदेसर से शहर दक्षिणी, क्रिश्चियन नर्सरी स्कूल मिंट हाउस से कैंट, यूपी कॉलेज से सेवापुरी, जगतपुर पीजी कॉलेज से रोहनिया विधानसभा के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। बैलेट यूनिट के तीन बैग को लेकर थोड़ी असुविधा रही।
जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह, एसएसपी आनंद कुलकर्णी, सीडीओ गौरांग राठी और एडीएम सिटी विनय कुमार ने पोलिंग पार्टियों को रवाना कराया। इसके लिए प्रत्येक स्थानों पर दो दर्जन से ज्यादा 28 और स्टेशनरी के लिए दो टेबल लगाए गए थे। हालांकि इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी अनुपस्थित भी रहे। तमाम लोग ड्यूटी आदेश लेकर परेशान रहे और पोलिंग पार्टी को खोजते रहे। कुछ निर्वाचन कार्य में जुटे कर्मचारियों के समय से न पहुंचने पर दंडात्मक कार्रवाई का निर्देश दिया गया।