वाराणसी। ई-सुविधा केंद्रों पर निजी कंपनी को अत्यधिक बढ़ी दरों पर सात वर्षों के लिए ठेका दिए जाने तथा सीओ सिटी रामपुर पर कोई कार्रवाई न होने से नाराज बिजली अभियंताओं ने वाराणसी मुख्यालय पर दूसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन किया।इस दौरान सीओ सिटी रामपुर पर कार्रवाई करने तथा ई-सुविधा केंद्र का अनुबंध निरस्त करने की मांग की गई।
नौ मई से शुरू हुए आंदोलन के क्रम में शुक्रवार को भी आक्रोशित बिजली अभियंताओं ने वाराणसी डिस्कॉम मुख्यालय में दो घंटे तक प्रदर्शन किया। इसके बाद विरोध सभा में वक्ताओं ने कहा कि जिला प्रशासन रामपुर में अभियंता के साथ मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई करने के बजाय बिजली घरों के निरीक्षण के नाम पर दबाव बना रहा है। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पूरे प्रदेश में अभियंता आंदोलन कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि शीघ्र कोई कार्रवाई नहीं हुई तो दूसरे लोकतांत्रिक कदम उठाए जाएंगे।
सभा की अध्यक्षता इंजीनियर आरके यादव तथा संचालन इंजीनियर चंद्रशेखर चौरसिया ने किया। इस दौरान इंजीनियर डीके दोहरे, अतुल रघुवंशी, एके सिंह, अरुण यादव, मनोज अग्रहरि, जगदीश पटेल, अविनाश गौतम, सौरभ, राजेंद्र प्रसाद, प्रवीण रस्तोगी, शशि कुमार, नरेंद्र वर्मा, प्रवीण चौबे समेत वाराणसी क्षेत्र के कई अभियंता मौजूद रहे।