14 से बीएचयू में दाखिले की दौड़
वाराणसी। बीएचयू में स्नातक और स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षाएं 14 मई से शुरू होंगी। वाराणसी सहित देश के 115 शहरों में 24 मई तक होने वाली परीक्षा में 4.95 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसमें 45 शहरों में ओएमआर शीट का प्रयोग किया जाएगा, जबकि बाकी 70 शहरों के केंद्रों पर अभ्यर्थी ऑनलाइन परीक्षा देंगे।
विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए इस बार 4.95 लाख आवेदन आए हैं, जो पिछले साल के 4.50 लाख से 40 हजार अधिक है। इसमें स्नातक में सबसे अधिक 3.60 लाख अभ्यर्थी अपना किस्मत आजमाएंगे। ऑनलाइन आवेदन की प्रकिया पूरी हो गई है। परीक्षा नियंता कार्यालय की ओर से प्रवेश पत्र तैयार कराए जाने के साथ ही बाहर के केंद्रों पर पर्यवेक्षकों की तैनाती सहित अन्य तैयारियां अंतिम चरण में है। इस बार शुरू हो रही परीक्षा में 14 से 17 तक स्नातक और 14 से 24 मई तक स्नातकोत्तर की प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी।
यह पहला अवसर है जब पूर्वोत्तर के राज्यों में भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। यहां प्रवेश परीक्षा ऑनलाइन कराई जाएगी। टाटा कंसलटेंसी सर्विस को ऑनलाइन परीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक की प्रवेश परीक्षा तो ओएमआर शीट पर होगी, लेकिन स्नातकोत्तर की सभी प्रवेश परीक्षाएं ऑनलाइन होंगी और इनका केंद्र परिसर में नहीं रहेगा।
इनसेट
जून के दूसरे सप्ताह में परिणाम
विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा के बाद जून के दूसरे सप्ताह में इसका परिणाम देने की तैयारी चल रही है। अधिकांश परीक्षाएं तो कंप्यूटर पर हो रही हैं, ऐसे में पिछले साल की तरह इस साल समय भी कम लगेगा।
वर्जन
प्रवेश परीक्षा की तैयारियां पूरी हो गईं हैं। चार मई के बाद से वेबसाइट पर प्रवेश पत्र अपलोड कर दिए जाएंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा के नियमों का पालन करना चाहिए। इस बार 115 शहरों में परीक्षा कराई जाएगी। - मनोज कुमार पांडेय, परीक्षा नियंता