वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ताल ठोकने वालों में सबसे अमीर प्रत्याशी पूर्व सांसद व बाहुबली अतीक अहमद हैं। नामांकन पत्र के साथ दाखिल हलफनामे के अनुसार निर्दलीय प्रत्याशी अतीक धनबल और बाहुबल में सबसे आगे हैं। उनके और परिजनों के पास 26 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। पूर्व सांसद के खिलाफ हत्या जैसी संगीन धाराओं में 27 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा 60 मामलों में न्यायालय ने संज्ञान लिया है। उनकी आय के स्रोत ठेकेदारी, बिल्डर और प्रापर्टी डीलिंग जैसे पेशे हैं। इसके अलावा कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय पर आठ मुकदमे दर्ज हैं।
अतीक अहमद और पत्नी की संपत्ति
बैंकों में जमा नकदी- एक करोड़ रुपये से ज्यादा, इसमें से 33 लाख 75 हजार रुपये कुर्क किए गए हैं। अतीक और पत्नी शाईस्ता के पास तीन-तीन लाइसेंसी हथियार हैं। अलग-अलग जगहों पर खेती, व्यवसायिक और आवास सहित कुल अचल संपत्ति 26 करोड़ से ज्यादा है। दो जीप, पजेरो और लैंड क्रूजर के मालिक भी हैं। संगीन धाराओं में 60 मुकदमें दर्ज हैं। 27 मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। 33 मुकदमों का न्यायालय ने संज्ञान लिया है।