वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान बीएचयू के सातवें दीक्षांत समारोह में शनिवार को 50 मेधावियाें को 76 पदकों से नवाजा जाएगा। शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे से स्वतंत्रता भवन में आयोजित दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि डीआरडीओ के चेयरमैन डॉ. सतीश जी रेड्डी के हाथों इन मेधावियों को स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। इसके बाद मुख्य अतिथि दीक्षांत भाषण देंगे।
दीक्षांत समारोह के मद्देनजर शुक्रवार को स्वतंत्रता भवन में रिहर्सल हुआ। शिष्ट यात्रा के साथ ही मेडल वितरण का रिहर्सल हुआ। रिहर्सल में आईआईटी बीएचयू के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार जैन, रजिस्ट्रार डॉ. एसपी माथुर समेत सभी डीन, विभागाध्यक्ष शामिल रहे। सातवें दीक्षांत समारोह में 1191 स्नातकों को उपाधि वितरित की जाएगी। इनमें 50 मेधावियों को पदक मिलेगा। एक छात्र को प्रेसिडेंट मेडल व अन्य को डायरेक्टर मेडल से नवाजा जाएगा। 120 शोधार्थियों को भी पीएचडी की डिग्री दी जाएगी। इससे पहले सभी स्नातकों को स्वतंत्रता भवन से ही उत्तरीय और सदरी का वितरण किया गया। समारोह में शामिल होने के लिए स्नातक व उनके अभिभावक कैंपस पहुंच चुके हैं।