वाराणसी। बीएचयू चीफ प्रॉक्टर प्रो. रोयाना सिंह को पद से हटाने की मांग पर अड़े छात्रों का धरना आठवें दिन भी जारी रहा। छात्र अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि चीफ प्राक्टर को पद से हटाकर हाईकोर्ट के अवकाश प्राप्त न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली कमेटी से बीते दिनों हुई घटना की जांच कराई जाए। विधि संकाय में उपस्थिति को लेकर हुए बवाल, नर्सिंग कालेज की मान्यता और छात्राओं के साथ हुए दुर्व्यवहार मामले की भी उन्होंने जांच कराने की मांग रखी है। उनका कहना है कि जब तक विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी मांगें नहीं मानता वो अपना धरना जारी रखेंगे।
उधर, शुक्रवार को धरनारत छात्रों से मिलने पूर्व विधायक अजय राय पहुंचे। इससे पहले अजय राय के नेतृत्व में कांग्रेस के शिष्टमंडल ने कुलपति से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने कुलपति से कहा कि विश्वविद्यालय में आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद जैसे संगठनों की गतिविधियों पर रोक लगाई जानी चाहिए। कुलपति से मांग की कि सांप्रदायिक व विध्वंसक सोच वाले संगठनों को विश्वविद्यालय में प्रतिबंधित किया जाए ताकि यहां की शैक्षणिक भव्यता व गरिमा बनी रहे। प्रतिनिधिमंडल में महानगर अध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा व सीताराम केसरी, डॉ. अनिल उपाध्याय, शैलेंद्र सिंह, डॉ. नृपेंद्र नारायण सिंह, ओम शुक्ला, चंचल शर्मा, किसलय सिंह आदि शामिल रहे।