वाराणसी। हांगकांग के बाद भारत की प्राचीन नगरी काशी मेरा पसंदीदा शहर है। मेरी इच्छा है कि काशी विश्वनाथ मंदिर जैसा एक शिव मंदिर हांगकांग में बनवाऊं। जल्द ही अपना नाम भी बदलकर हिंदू रीति रिवाज के आधार पर रखूंगा। यह बात कुछ साल पहले हिंदू धर्म स्वीकार करने वाले हांगकांग से आये प्रसिद्ध अभिनेता और मार्शल आर्ट के कलाकार जॅकी हुंग ने कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में पत्रकारों से कही। चार साल पहले सोमनाथ में ज्योतिर्लिंग दर्शन के बाद ऐक्शन हीरो में शिव के प्रति आस्था जागृत हो गई। कहा कि पिछली बार वाराणसी आने के बाद से उनका लगाव लगातार अध्यात्म के प्रति बढ़ा है।
प्रसिद्ध कलाकार पिछले चार दिनों से काशी में है और यहां के विभिन्न मंदिरों में दर्शन पूजन किया। कहा कि भारतीयों के साथ-साथ चाइनीज मार्शल आर्ट को भी बढ़ावा देने की जरूरत है। भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए उन्हें भारत सरकार से प्रमाण पत्र भी दिया गया है। जॅकी हुंग ने कहा कि योग और कुंगफू में काफी समानता है। योग और कुंगफू दोनों आंतरिक शक्ति का प्रतीक है। एक शांति प्रदान करता है तो दूसरा उसी आंतरिक शक्ति से जबरदस्त ताकत देता है। उन्होंने दोनों के प्रचार-प्रसार पर बल दिया। जॅकी हुंग सोमवार को अपने देश लौट जाएंगे। फिल्म स्टार के साथ निर्यातक अनुराग कपूर भी मौजूद रहे।