थानेदार ने दी मंत्री को
गाली, लाइन हाजिर
भूमि विवाद के बाद पहुंचे एसओ ने महिलाओं से की अभद्रता
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के सफीपुर गांव में रविवार को भूमि विवाद की जांच करने पहुंचे खेतासराय के थानाध्यक्ष ने महिलाओं से अभद्रता की और एक मंत्री को गालियां दीं। सोशल मीडिया में इसके दो वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने सोमवार को एसओ खेतासराय योगेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।
सफीपुर गांव में देवनाथ यादव और राजेंद्र यादव में आबादी की जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा है। रविवार को एक पक्ष अपने मड़हे के लिए दीवार बना रहा था। दूसरे पक्ष की शिकायत पर एसओ योगेंद्र सिंह, हल्का एसआई और सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। वायरल एक वीडियो में एसओ दीवार बना रहे लोगों को धमकाते हुए कहते दिखते हैं कि मेरा संदेश मंत्री और अध्यक्ष को बता देना। औकात है तो मेरा ट्रांसफर करा लें, कह देना एसओ साहब आए थे। इसके अलावा अन्य वीडियो में एसओ गालियां देते हुए महिलाओं से कहते हैं कि मारपीट नहीं होनी चाहिए। सोमवार को दोनों वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एसपी दिनेश पाल सिंह ने बताया कि भूमि विवाद के एक मामले में एसओ खेतासराय मौके पर गए थे। उनकी बातचीत का एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसके आधार पर उन्हें लाइन हाजिर कर प्रारंभिक जांच एएसपी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।
इनसेट
सिर्फ एसओ पर ही कार्रवाई क्यों!
जौनपुर। एक मंत्री का बिना नाम लिए अपशब्द कहने वाले एसओ पर तो गाज गिर गई। लेकिन इसी तरह की हरकत करते उनके साथ के अन्य लोगों पर कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। इसे लेकर वीडियो देखने वालों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रही।