भदोही। हज के मुकद्दस सफर पर जाने वाले हज यात्रियों का टीकाकरण 30 जून को होगा। इसके लिए पीरखांपुर स्थित मदरसा अरबिया मदीनतुल इल्म में शिविर का आयोजन किया गया है। यह जानकारी खुद्दाम ए हज समिति के पदाधिकारियों ने सोमवार को एक प्रेसवार्ता में दी। बताया कि शिविर में टीकाकरण के साथ-साथ प्रशिक्षण और पोलियो खुराक भी दी जाएगी। वाराणसी से हज यात्रियों की पहली उड़ान 20 जुलाई को है।
स्टेशन रोड स्थित सरपरस्त हाजी सौदागर अंसारी के आवास पर पहले एक बैठक की गई, जिसमें प्रशिक्षण शिविर, टीकाकरण पर चर्चा की गई। बैठक के बाद सरपरस्त हाजी सौदागर अंसारी ने पत्रकारों को बताया कि खुशनसीब लोग ही मुकद्दस हज के सफर पर जा पाते हैं। जाने से पहले समिति हुज्जाज एकराम को शानदार इस्तकबाल करेगी। बताया कि टीकाकरण और पोलियो खुराक दिए जाने के अलावा हुज्जाज की स्वास्थ्य जांच और रिपोर्ट कार्ड भी दिया जाएगा। संरक्षक हाजी शाहिद हुसैन अंसारी ने बताया कि इस वर्ष जनपद से कुल 128 हजयात्री रवाना होंगे। हजयात्रियों से शिविर में पासपोर्ट और ब्लड ग्रुप की प्रति लाने की अपेक्षा की गई है। जिला हज ट्रेनर सोहैब आलम नदवी ने बताया कि 120 लोग हज कमेटी के मार्फत और आठ लोग टूर आपरेटर्स की सहायता से जा रहे हैं। बैठक और प्रेसवार्ता में शेख हबीबुल्लाह, हसन अंसारी, हाजी आजाद खां आदि भी रहे।