वाराणसी। आसमान से आग की मानिंद बरसती धूप के बीच रविवार को अघोषित बिजली कटौती ने मुसीबतें दोगुनी कर दीं। अधिकतम पारा 44.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के साथ ही लोग गर्मी-उमस से बेहाल हो गए। यह इस सीजन में अब तक का सर्वाधिक तापमान है। रविवार की छुट्टी के बावजूद तपिश के चलते लोग घरों से बाहर नहीं निकले। दोपहर से पहले ही शहर की प्रमुख सड़कों, बाजारों में सन्नाटा पसर गया। हालांकि शाम को बादलों के छाने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम में थोड़ी नरमाहट आई।
दिन भर सूरज की तपिश और बिजली कटौती के बीच गर्मी-उमस झेलते बेहाल लोगों को देर शाम मौसम में आए बदलाव ने थोड़ी राहत बख्शी। पिछले कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। रविवार को छुट्टी होने के नाते आम दिनों की तुलना में बाजार में भीड़ अधिक रहती है। खासकर दोपहर बाद लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है लेकिन तपिश के चलते लोग घरों से बाहर नहीं निकल पाए। देर शाम आसमान में बादलों के छाने के बाद जब थोड़ी राहत महसूस हुई तब सड़कों, बाजारों में चहल-पहल बढ़ी।
आईएमडी की वेबसाइट के मुताबिक रविवार को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस सीजन में अब तक का अधिकतम है जबकि न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक डॉ. राजीव भाटला ने बताया कि हवाएं काफी धीमी रफ्तार से चल रही हैं। इसलिए गर्मी अधिक महसूस हो रही है और तापमान बढ़ रहा है। तापमान में अभी और बढ़ोतरी होने और फिर बूंदाबांदी-बारिश के आसार हैं।