चौरी। क्षेत्र के गिरिया गांव में सोमवार की देर रात आग लगने से अनाज, भूसा और पुआल जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन नाकाम रहे। फायर ब्रिगेड के देरी से पहुंचने के कारण लोगों में नाराजगी रही। आग इतनी भीषण थी कि पास के कई पेड़ झुलस गए।
गिरिया गांव निवासी बंशीधर उपाध्याय का पंपिंग सेट गांव के बाहर सिवान में है। सोमवार की रात मशीन के पास रखे भूसा, अनाज और पुआल में अबूझ हाल में आग लग गई। रात लगभग 11 बजे बंशीधर वहां पहुंचे तो धू-धू कर जल रही थी। जानकारी मिलने पर कुछ देर बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना देने के साथ गांव के लोग आग बुझाने में जुट गए। कुछ देर के बाद पुलिस तो पहुंची लेकिन अग्निशमन दस्ता नहीं पहुंचा। ग्रामीण मशक्कत करते रहे लेकिन आग बुझाने में कामयाब नहीं हो सके। बाद में फायर ब्रिगेड की गाड़ी आई, लेकिन मौके से पहले ही एक खेत में फंस गई। काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की दूसरी गाड़ी मौके पर पहुंची। भुक्तभोगी के अनुसार करीब दस क्विंटल गेहूं, 20 क्विंटल भूसा और पुआल जलकर राख हो गया।