ज्ञानपुर। इलाहाबाद में अधिवक्ता की हत्याकांड को लेकर जिले के अधिवक्ताओं और राजनीतिक दलों में नाराजगी है। सभी ने एक सुर में कहा कि सरकार अपराध रोकने में नाकाफी साबित हो रही है। अधिवक्ताओं ने हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार मिश्र ने कहा कि इलाहाबाद की घटना दुखद है। लबे शहर अधिवक्ता की हत्या के बाद अपराधी फरार हो गए, लेकिन पुलिस अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं की। समाजसेवा करने वाले लोग भी जब सुरक्षित नहीं रहेंगे तो आम लोगों की क्या स्थिति होगी। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी नहीं हुई तो जिले के अधिवक्ता सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। कहा कि शुक्रवार को बार एसोसिएशन की बैठक होगी। बैठक में इस मसले पर निर्णय लिया जाएगा। सपा नेता अजीत सिंह ने कहा कि भाजपा में अपराध का ग्राफ बढ़ गया है। इलाहाबाद की घटना इसकी एक बानगी है। इसी तरह सुवधैं में बसपा कार्यकर्ताओं की बैठक में घटना को लेकर दुख जताया गया। बैठक में जय प्रकाश चौधरी, राम सनेही गौतम, मोके यादव, योगेंद्र यादव, शमशेर पासी, दीपक सिंह, धीरज सरोज, विवेक यादव आदि रहे।