वाराणसी। बाबतपुर एयरपोर्ट पर निजी विमानन कंपनी में कार्यरत युवती के साथ सामूहिक दुराचार के आरोपी इंडो-थाई विमानन कंपनी के मैनेजर सत्येंद्र सिंह को बुधवार को पुलिस तीन घंटे की कस्टडी रिमांड पर लेगी। सत्येंद्र की रिमांड अवधि सुबह 10 बजे से शुरू होगी। मंगलवार को यह आदेश सीजेएम जेपी यादव की अदालत ने दिया।
अदालत में सोमवार को कैंट पुलिस ने सत्येंद्र की रिमांड के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस की ओर से कहा गया था कि वारदात के दौरान आरोपी द्वारा पहने गए इनर वियर और उसके दो मोबाइल को बरामद करने के लिए उसे 24 घंटे की कस्टडी रिमांड पर दिया जाए। पुलिस के अनुसार इनर वियर और दो मोबाइल वारदात की तफ्तीश के लिए अहम साक्ष्य हैं।
प्रकरण के अनुसार बाबतपुर एयरपोर्ट पर तैनात रहे डॉ. आशुतोष अस्थाना, सत्येंद्र सिंह और ट्रेवल एजेंट आबिद ने 27 मार्च को युवती को छावनी क्षेत्र स्थित होटल रेडिसन में बिजनेस डील के बहाने बुलाया था। आरोप है कि होटल के बार में युवती को बीयर में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। इसके बाद उसके साथ होटल के कमरे में डॉ. आशुतोष, सत्येंद्र और आबिद ने दुराचार किया। सत्येंद्र ने सात अप्रैल को सीजेएम कोर्ट में समर्पण किया था जबकि डॉ. आशुतोष और आबिद को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।