गोपीगंज। नगर के ज्ञानपुर रोड पर स्थित एक किराने की दुकान पर सोमवार को एक नामी कंपनी के पैकेटबंद आटा में मिलावट का आरोप लगाते हुए लोगों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। इसके बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम बुलाई गई। टीम ने आटे का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
गोपीगंज नगर के जीटी रोेड चौराहा निवासी बृजलाल सेठ ने नगर के ज्ञानपुर रोड पर स्थित एक किराना की दुकान से रविवार की शाम को 10 किलो आटा का पैकेट खरीदा था। घर की महिलाओं ने सोमवार को खाना बनाते समय आटा गूंथा तो वह उन्हें मिलावट की आशंका हुई। बृजलाल का आरोप था कि आटे में प्लास्टिक मिला पाया गया। परिवारीजन गुंथा हुआ आटा लेकर थाने पहुंच गए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा दुकान पहुंचे और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। कुछ देर बाद जिला अभिहित अधिकारी मंजुला सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और आटे की बोरियों को सील कर दिया। साथ ही गुंथे हुए आटे का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया। इस घटना से गहमागहमी की स्थिति रही।