लालानगर। गोपीगंज थाना क्षेत्र के गेराई गांव में जमीन के विवाद में बुधवार को हुई मारपीट में प्रभावती बनवासी (70) पत्नी स्व. फूलगेन गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को बनवासी परिवार के लोग खाट पर लादकर गोपीगंज थाने ले आए। यहां से पुलिस ने मानवता को शर्मसार करते हुए उन्हें उलटे पांव अस्पताल ले जाने को कह दिया। एंबुलेंस तक नहीं मंगाई गई। वहीं, अस्पताल में भी घायल के साथ कुछ कम ज्यादती नहीं हुई।
घायल महिला को खाट पर लाद कर परिवार के लोग थाने और अस्पताल के चक्कर लगाते रहे। सीएचसी गोपीगंज पहुंचने पर ्यूटी पर तैनात चिकित्सक़ ने घायल वृद्धा को स्ट्रेचर से उठ कर बैठने के लिए कहा। असमर्थता जताने पर उसे स्ट्रेचर से उतार कर जमीन पर बैठा दिया गया। इस मामले में परिवार के ही विमलेश और मलकिन देवी का आरोप है कि थाने की पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजने के लिए एंबुलेंस तक की व्यवस्था नहीं की। गोपीगंज कोतवाल सुनील वर्मा का कहना है कि मामले की जानकारी होने पर मैने अस्पताल में पहुंच कर घायल का इलाज कराया। थाने में एंबुलेंस बुलाने की बात कही गई लेकिन महिला के घर वालों ने कहा कि एंबुलेंस आने तक हम लोग अस्पताल पहुंच जाएंगे।