वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर में सोमवार सुबह दर्शन के दौरान स्पेन की महिला पर्यटक जोसेफ फर्नांडिस के पर्स से 4400 रुपये चुरा लिए गए। महिला का आरोप है कि महिला सुरक्षाकर्मी ने चेकिंग के दौरान उसके पैसे निकाल लिए। बाद में जांच के नाम पर विदेशी महिला को सरस्वती फाटक एवं छत्ता द्वार पर पांच घंटे तक बैठाए रखा गया। आरोप यह भी है कि पुलिस ने दबाव डालकर उससे मनमाने तरीके से तहरीर लिखवाई और अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर औपचारिकता पूरी की। महिला पर्यटक ने मामले की शिकायत भारत स्थित स्पेन के दूतावास में करने की बात कही है।
स्पेन के बार्सिलोना शहर से एक परिवार के सात सदस्य रविवार को यहां आए थे। सोमवार सुबह छह बजे सभी लोग दशाश्वमेध घाट पहुंचे। घाटों पर घूमने और नौकायन के बाद ये लोग काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे सरस्वती फाटक गेट नंबर दो से परिवार के सदस्यों के साथ जोसेफ फर्नांडिज (55) ने मंदिर में प्रवेश किया। सरस्वती फाटक स्थित चेक प्वाइंट पर जांच के दौरान उनके पर्स से 4400 रुपये गायब हो गए। चेकिंग के बाद महिला को जब पर्स में रुपये न होने की जानकारी हुई तो वह शोर मचाते हुए रोने लगी। उन्होंने चेकिंग करने वाली महिला सुरक्षाकर्मी पर रुपये गायब करने का आरोप लगाया।
विदेशी महिला के आरोप के मद्देनजर चेक प्वाइंट प्रभारी ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। एक घंटे बाद सीओ ज्ञानवापी मौके पर पहुंचे। इस दौरान विदेशी महिला को सरस्वती फाटक पर रोकने के बाद जांच के नाम पर गेट नंबर चार छत्ता द्वार ले जाया गया। यहां उन्हें दोपहर दो बजे तक रोक कर रखा गया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मामला रफा-दफा कराने की कोशिश की लेकिन जब विदेशी महिला ने दूतावास में शिकायत करने की बात कही तो पुलिस सक्रिय हुई।
विदेशी महिला ने चेकिंग के दौरान का सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की तो पता चला कि वहां सीसीटीवी कैमरा ही नहीं लगा है। बताया गया कि जहां महिलाओं की चेकिंग होती है, वहां कैमरा नहीं लगाया जाता है। दोपहर करीब दो बजे चौक थाने के एसएसआई ने महिला से तहरीर लेकर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया।