भदोही। भदोही स्टेशन पर मिली 17 वर्षीय एक किशोरी को रेलवे पुलिस ने सोमवार को वाराणसी स्थित चाइल्ड लाइन संस्था के हवाले कर दिया। पुलिस ने बताया कि किशोरी उन्नाव जनपद की है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पिता की डांट से क्षुब्ध होकर घर से भाग निकली गई थी और यहां पहुंच गई। रविवार को वह स्टेशन पर लावारिस हाल में एक बेंच पर पड़ी मिली थी।
पुलिस ने बताया कि गुुरुवार को पिता की डांट के बाद किशोरी उन्नाव स्टेशन पहुंची और एक ट्रेन में सवार हो गई। शनिवार की रात वह भदोही स्टेशन पर पहुंच गई थी। भूख-प्यास से बेहाल किशोरी स्टेशन में ही एक बेंच पर लेट गई थी। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि उसे नाश्ता कराया गया तब वह कुछ बोल पाने में सक्षम हुई। जीआरपी ने किशोरी के परिवारीनों को सूचित कर उसे चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया है।