ज्ञानपुर। पखवारे भर बाद शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। जिला प्रशासन के साथ शिक्षा महकमा शांतिपूर्ण और नकल विहीन परीक्षाएं कराने की योजना को अंतिम रूप में जुट गया है। जिले को तीन जोन और 14 सेक्टर में बांटा गया है। केंद्रों में निगहबानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही ढाई हजार कक्ष निरीक्षकों के साथ जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। चार नए परीक्षा केंद्रों पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की गई है। संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जाएंगे।
छह फरवरी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा शुरू हो रही है। इसके लिए जिले में 72 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन पर हाईस्कूल के 32 हजार और इंटरमीडिएट के 27,500 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए करीब ढाई हजार कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। इसमें वित्तपोषित, वित्तविहीन माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट स्कूल के साथ ही परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों को भी शामिल किया गया है। परीक्षा में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए प्रशासनिक व्यवस्था को भी चुस्त-दुुरुस्त किया जा रहा है। केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद रखने और नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जिले को तीन जोन और 14 सेक्टरों में बांटा गया है। तीनों एसडीएम जहां जोनल मजिस्ट्रेट होंगे, वहीं तहसीलदार, नायब तहसीलदार स्तर के अलावा जिला स्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाया गया है। परीक्षा केंद्र पर शुचिता कायम रखने के लिए स्टेटिक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती को लेकर मंत्रणा चल रही है। पूर्व के वर्षों में केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक के अलावा जिलास्तरीय अधिकारियों को स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाकर तीन-तीन घंटे की ड्यूटी दी जाती थी। संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है। इस साल परीक्षा के लिए नए केंद्र बने पार्वती देवी इंटर कॉलेज नवधन, चिरौंजी देवी इंटर कॉलेज, इंदर प्रसाद माध्यमिक विद्यालय और फैजल उलूम इंटर कॉलेज पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक लगाए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक श्याम सरोज वर्मा ने कहा कि बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारी अंतिम दौर में पहुंच गई है। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।