वाराणसी। गुवाहाटी विश्वविद्यालय में पांच से नौ जनवरी तक आयोजित 33वीं पूर्वी क्षेत्र युवा महोत्सव में बीएचयू की टीम ओवर आल चैंपियन बनी। यहां होने वाली गीत, संगीत, साहित्यिक, मंच कला आदि की 26 में से 24 प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करते हुए टीम के प्रतिभागियों ने 15 मेडल झटके। इसमें सर्वाधिक सात गोल्ड मेडल भी विश्वविद्यालय के खाते में आए। आयोजक विश्वविद्यालय को दूसरे नंबर से संतोष करना पड़ा।
पांच दिवसीय महोत्सव में पांच संवर्गों में कला, संगीत, साहित्यिक सहित कुल 26 प्रतिस्पर्धाएं कराई गईं। इसमें गोरखपुर, बनारस, लखनऊ सहित पूर्वी क्षेत्र की सभी विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के आधार पर श्रेष्ठता दिखाई। डॉ. बाला लखेंद्र के नेतृत्व में पहुंची टीम ने महोत्सव में बेहतर प्रदर्शन करते हुए ओवरआल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। डॉ. लखेंद्र ने बताया कि प्रतियोगिता में वाद विवाद, ललित कला-रंगोली, पोस्टर मेकिंग, फोटोग्राफी में पहला स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक प्राप्त किया। बताया कि विश्वविद्यालय के खाते में सर्वाधिक 15 पदक आए, जिसमें सात स्वर्ण, चार रजत, दो कांस्य और दो सांत्वना पुरस्कार शामिल हैं। इधर इस उपलब्धि पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एमके सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए पूरी टीम को बधाई दी है। बताया कि टीम के विश्वविद्यालय आने पर जोरदार स्वागत किया जाएगा।