चंदौली। अवैध वसूली के आरोप में जेल की हवा खा रहे निलंबित एआरटीओ आरएस यादव पर जनपद पुलिस शिकंजा कसने की तैयारी कर रही है। एसपी विजिलेंस शिवशंकर सिंह ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह से पुलिस लाइन में मुलाकात कर इस मामले में सहयोग का भरोसा दिलाया। अधिकारी द्वय ने आधे घंटे तक बंद कमरे में गहन वार्ता की। एसपी ने बताया कि एआरअीओ प्रकरण में पुलिस साक्ष्य जुटा रही है। विवेचना के दौरान जो भी दोषी मिलेगा उसके विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी विजिलेंस शिवशंकर सिंह ने एसपी संतोष कुमार सिंह से मुलाकात कर एआरटीओ मामले में सूचनाओं का आदान-प्रदान किया। ट्रकों से अवैध वसूली करने वाले आरएस यादव और उसके पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने तैयारी की जा रही है। पुलिस भी यह मान कर चल रही है कि अवैध वसूली के खेल में पूरा रैकेट सक्रिय है जो चंदौली पूरे पूर्वांचल और अन्य जनपदों में अवैध वसूली से जुड़े कार्य को अंजाम दे रहा है। मामले की जड़ तक पहुंचने के लिए पुलिस योजना बनाकर निलंबित एआरटीओ को रिमांड पर भी लेने की तैयारी में है। पुलिस ने आरएस यादव के खिलाफ 120बी के तहत मुकदमा दर्ज किया है लेकिन एसपी ने जिस तरह के संकेत दिए उससे साफ है कि निलंबित एआरटीओ के खिलाफ और भी कई संगीन मामले दर्ज किए जा सकते हैं। एसपी ने बताया कि हाईवे पर अवैध वसूली का शिकार हो चुके दर्जनों ट्रक चालक स्वत: ही एआरटीओ के खिलाफ गवाही देने को तैयार हैं। कहा कि और भी कई जानकारियां हैं जो विवेचना में सामने आ रही हैं। इस संबंध में पुलिस अपना साक्ष्य न्यायालय में रखेगी। कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जो मुहिम शुरू की गई है उसे हर हाल में अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।