डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं व आसपास के स्थल का सुंदरीकरण होगा। जिले की सभी आठ विधानसभाओं में 10-10 प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। हर एक पर 10 लाख रुपए खर्च होंगे। प्रदेश सरकार ने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति योजना के तहत प्रदेशभर में आंबेडकर की प्रतिमाओं की मरम्मत कराने और नई प्रतिमाएं बनवाने का निर्णय लिया है। प्रतिमा अगर पूरी तरह से टूट-फूट गई है तो उनके स्थान पर संगमरमर की नई मूर्ति स्थापित की जाएगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीशचंद दूबे ने बताया कि इस योजना के तहत जिले के हर विधानसभा से 10-10 जीर्ण-शीर्ण डॉ. आंबेडकर की प्रतिमाओं का चयन कर उनकी सूची तैयार की जाएगी। उन प्रतिमाओं की मरम्मत के बाद आसपास के स्थल का सुंदरीकरण किया जाएगा।
प्रतिमाओं के आस-पास लाइटिंग और हरियाली होगी
मूर्तियों के जीर्णोद्धार और प्रतिमा स्थल के निर्माण के साथ वहां हरियाली के लिए पौधे लगाए जाएंगे। अनाधिकृत प्रवेश रोकने के लिए पांच फीट ऊंची बाउंड्रीवॉल और रेलिंग बनाई जाएगी। फेंसिंग भी कराई जाएगी। आकर्षक लाइटिंग के साथ साइन बोर्ड लगाया जाएगा।
-
हर विधानसभा से प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। इसके बाद इसे शासन को भेजा जाएगा। शासन से बजट मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। - गिरीश चंद दूबे, जिला समाज कल्याण अधिकारी