वाराणसी। पूर्वांचल के यात्रियों को सुविधाजनक परिवहन सेवा मिलने वाली है। कैंट स्थित रोडवेज बस स्टेशन से 78 नई बसों का संचालन किए जाने की तैयारी है। बस संचालन के लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। आवेदन की अंतिम तारीख 18 दिसंबर है। नई बसें वाराणसी से गाजीपुर, चंदौली, और जौनपुर के 100 से अधिक प्रमुख स्थानों तक संचालित की जाएंगी।
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि इन बसों का संचालन निजी संचालकों के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई है। चयन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर और चंदौली के बीच प्रतिदिन हजारों लोग यात्रा करते हैं। यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। 78 बसों के जुड़ने से यात्रियों को सुविधा होगी।