वाराणसी। भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था बिगड़ी ही रहने वाली है। अधिकारी स्थिति से निपटने के लिए सिस्टम दुरुस्त होने का दावा कर रहे हैं, लेकिन हकीकत उनके दावों से बिल्कुल अलग है। ट्रांसफार्मर और जंफर हीटिंग के कारण ट्रिप हो रहे हैं। पुराने तार भी निर्बाध आपूर्ति में बाधक बने हुए हैं।
पन्नालाल पार्क, दौलतपुर, लेढ़ूपुर, पांडेयपुर, तरना, कोईलहवा, अर्दली बाजार, चौकाघाट, विद्यापीठ, नगर निगम, डीपीएच, लोहता, शंकुलधारा, भदैनी, भेलूपुर, नरिया, कबीरनगर, रामनगर, डाफी, गोदौलिया, चौक, टाउनहाल, बेनिया, मैदागिन, मच्छोदरी, काशी और कज्जाकपुरा समेत सभी उपकेंद्रों इस समस्या से जूझ रहे हैं। यदि समय रहते इसकी व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में संकट और बढ़ सकता है। उपकेंद्रों में तैनात कर्मचारियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर गर्मी के कारण ट्रिप हो रहे हैं। इन दिनों हवा चलने के कारण पेड़ की डालियों के तारों से टकराने से भी आपूर्ति बाधित हो जा रही है।
कूलिंग और लोड बैलेंसिंग पर काम नहीं
जिन उपकेंद्रों पर नए पैनल लगाए गए हैं। वहां भी ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। इसका कारण कूलिंग की व्यवस्था न होना बताया जा रहा है। वहीं, गर्मी में लोड बैलेंसिंग जरूरी होती है। लेकिन विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण लोड बैलेंसिंग पर काम नहीं हो रहा है। यह बात तो अधिकारी भी जानते हैं, लेकिन बोलने से कतराते हैं।