वाराणसी। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर का परिनिर्वाण दिवस गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। अखिल भारतीय अनुसूचित जाति, जनजाति कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन की ओर से अंबेडकर स्मारक कचहरी पर त्रिशरण, पंचशील और बुद्ध वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। भारतीय संविधान एवं प्रतिनिधित्व और उसके संरक्षण पर संगोष्ठी हुई।
मुख्य अतिथि मुसाफिर ने कहा कि भारतीय संविधान राष्ट्रीय ग्रंथ है, जिसकी रक्षा पूरे प्राणपण से करेंगे। अरुण कुमार प्रेमी, डॉ. एमजी निगम, डॉ. राहुल राज, मेघांकर आदि ने भी विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लालमन ने की। विशिष्ट अतिथि दीनानाथ बौद्ध, आरके बौद्ध, हीरालाल बौद्ध, कालीचरण बौद्ध रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मुन्नी लाल जागरण जत्था ने प्रस्तुति दी। संचालन नीलम बौद्ध और धन्यवाद ज्ञापन विजय कुमार राव ने किया।
भाजपा के गुलाब बाग, कंचनपुर और नीचीबाग कार्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने डॉ. आंबेडकर के विचारों को आत्मसात करने को कहा। अन्य वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माता ने आजादी के बाद देश को एकसूत्र में पिरोने का काम किया। एक ऐसे संविधान का निर्माण किया जो आज भी विश्व के लिए मिसाल है।
उधर, भाकपा (माले) ने शास्त्री घाट से कचहरी तक ‘संविधान बचाओ, धर्म निरपेक्षता बचाओ’ मार्च निकाला गया। बाद में आयोजित सभा में बुलंदशहर की घटना की जांच की मांग की गई। इस दौरान नंदलाल पटेल, विजय कुमार, मनीष शर्मा, संजय भटटाचार्य आदि ने विचार रखे। बसपा, वाल्मीकि भाईचारा समाज ने दयानगर मलिन बस्ती छित्तूपुर में गोपाल प्रसाद, अलईपुर में समाजवादी व्यापार सभा दक्षिणी विधानसभा के अध्यक्ष सैफ अंसारी, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी, साधारण आदमी पार्टी ने हुकुलगंज मलिन बस्ती में राजेंद्र गांधी कुशवाहा और आंबेडकर फाउंडेशन ने शिवपुर शुद्धीपुर में सुरेंद्र प्रताप के नेतृत्व में आयोजन किया गया।