वाराणसी। सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधाओं में बेहतरी के लिए अब स्वास्थ्य विभाग मोबाइल ऐप का सहारा ले रहा है। इसके लिए विभाग की ओर से मेरा अस्पताल मोबाइल ऐप तैयार कराया गया है। इससे अस्पतालों में ओपीडी, दवा काउंटर, जांच आदि सुविधाओं से जुड़ी समस्या के साथ ही अपनी राय भी मरीज और परिजन दे सकेंगे। इस पर दी जाने वाली हर जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। समस्याओं के त्वरित समाधान और सुविधाओं की मानीटरिंग की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से तैयार कराए गए इस ऐप का प्रयोग करने के लिए लोगों को अस्पताल के पंजीकरण काउंटर पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज कराना होगा। इसके बाद अस्पताल की ओर से सेवाओं पर राय मांगी जाएगी। इसके अलावा किसी तरह की समस्या को भी लोग ऐप के माध्यम से बता सकेंगे। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि सभी को स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से मिल सके, इस दिशा में यह बड़ा कदम है। मोबाइल ऐप के बारे में अस्पताल में लोगों को जागरूक किया जा रहा है।