वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात होने वाले पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के जवान अपने ड्यूटी प्वाइंट पर सजगता से तैनात रहें। रविवार को पुलिस लाइन में इस निर्देश के एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की आड़ में आम आदमी के साथ दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए। शाम को एडीजी सुरक्षा विजय कुमार ने राजपत्रित अधिकारियों संग सुरक्षा व्यवस्था पर डी-ब्रीफिंग की। इस बीच बाबतपुर एयरपोर्ट, वाजिदपुर स्थित सभा स्थल और रामनगर स्थित कार्यक्रम स्थल एसपीजी ने सुरक्षा घेरे में ले लिया है।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में 15 पुलिस अधीक्षक सहित छह हजार से अधिक पुलिस, पीएसी और सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात किए गए हैं। एडीजी ने कहा कि संदिग्ध प्रतीत होने वालों से नाम और पते की तस्दीक तुरंत की जाए। इस दौरान आईजी विजय सिंह मीना, एसएसपी आनंद कुलकर्णी, एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
फोर्स की ब्रीफिंग के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट से वाजिदपुर होते हुए रामनगर तक पीएम की डमी फ्लीट का ग्रैंड रिहर्सल किया गया। इस दौरान कुछेक स्थानों पर फ्लीट को जाम का सामना करना पड़ा। ग्रैंड रिहर्सल के बाद सेना के तीन हेलीकाप्टर ने बाबतपुर एयरपोर्ट से रामनगर स्थित हेलीपैड पर टच एंड गो का रिहर्सल किया।
सेना की तीनों विंग एलर्ट मोड पर
थल, वायु और नौसेना के अधिकारी जवानों के साथ एलर्ट मोड में हैं। एयरपोर्ट और रामनगर स्थित हेलीपैड वायु सेना की निगरानी में रहेगा। नौसैनिक रामनगर बंदरगाह पर तैनात रहेंगे। वहीं, थल सेना के जवान वाजिदपुर और रामनगर स्थित कार्यक्रम स्थलों पर नजर रखेंगे।