वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में आज चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। इस लिहाज से एक दिन पहले गुरुवार को प्रत्याशियों और समर्थकों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। कैंपस में चुनाव प्रचार को लेकर खासी गहमागहमी रही। अपने -अपने स्तर से सभी मतदाताओं को अपने पक्ष में वोट करने की अपील करते नजर आए। पूरे कैंपस की सड़कें पंफलेट और पोस्टरों से पट गई थीं। हॉस्टल में भी पूरे जोर- शोर से चुनाव प्रचार हुआ।
काशी विद्यापीठ में 14 अक्तूबर को मतदान होना है। मतदान के तीस घंटे पूर्व यानी शुक्रवार की शाम चुनाव प्रचार बंद हो जाएंगे। इस लिहाज से गुरुवार को कैंपस में पूरी शिद्दत के साथ प्रत्याशियों व समर्थकों ने प्रचार किया। कैंपस के अलावा प्रत्याशी व उनके समर्थक छात्र-छात्राओं के घरों तक वोट मांगने के लिए पहुंचे। उधर, गुरुवार को विश्वविद्यालय व पुलिस प्रशासन के साथ प्रत्याशियों की बैठक हुई। सीओ चेतगंज अंकिता सिंह ने सभी प्रत्याशियों को शुक्रवार की सुबह पांच बजे तक विश्वविद्यालय और उसके एक किलोमीटर की परिधि में प्रचार के लिए लगे बैनर और पोस्टर हटाने का निर्देश दिया। अन्यथा कि स्थिति में उन पर कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही चुनाव आचार संहिता का पालन करने की ताकीद की गई। बैठक में चुनाव अधिकारी प्रो. मुन्नीलाल, चीफ प्रॉक्टर प्रो. शंभु उपाध्याय आदि मौजूद रहे।