भदोही। मानसून की हल्की बारिश ने भले ही लोगों को और बारिश के लिए बेचैन कर दिया हो लेकिन कुछ मोहल्लों के लिए बारिश और हल्की बूंदाबांदी अभिशाप बनकर आई है। ऐसे ही काशीपुर मोहल्ले में इंटर लाकिंग ईंटों का इंतजार कर रही एक गली जलभराव और गंदगी से चलने लायक नहीं रह गई है जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने पालिकाध्यक्ष से गली को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
लोगों ने बताया कि काशीपुर नगर के अति पिछड़े मोहल्लों में से एक है। आरिफ के मकान से ताजुद्दीन के मकान तक लगभग 300 मीटर सड़क पर दो वर्ष पूर्व नाली निर्माण कराकर छोड़ दिया गया था। इंटर लाकिंग ईंटे नहीं बिछाने के पीछे कारण बताया गया था कि मिट्टी बैठ जाने के बाद ईंटे बिछाई जाएंगी। तब से लेकर दो वर्ष हो चुके अब तक सड़क दुरुस्त नहीं कराई गई। गत सप्ताह हल्की बारिश से पूरी सड़क पर कीचड़ और नाबदान का पानी लग जाने से न केवल वातावरण दूषित हो रही है बल्कि उक्त गली के बाशिंदों का एक-एक पल बिता पाना मुश्किल हो रहा है।
मो. ताबिश, शीबू, वारिस अली, बदरुद्दीन अंसारी, शाहनवाज आदि ने बताया कि हम लोग दो वर्ष से झेल रहे हैं। बारिश में क्या हालत हो जाती है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। बीते दिनों गली में मिट्टी डाल दिए जाने से स्थिति और खराब हो गई है। इससे हम लोगों को भारी दुश्वारी हो रही है। मेहमान भी हम लोगों के घर नहीं आना चाहते। लोगों ने कहा कि अभी मामूली बरसात हुई है। पूरी बरसात बाकी है। यदि इसे ठीक नहीं कराया गया तो हमारी समस्या बढ़ जाएगी। लोगों ने चेयरमैन से सड़क निर्माण पूरा कराने की मांग की है।