सारनाथ। हृदयपुर गांव में सोमवार की रात असलहे से लैस बदमाशों से किसान परिवार की अंजनी पटेल बाल्टी लेकर भिड़ गई थी। बदमाशों ने जब अंजनी को भारी पड़ते देखा तो उस पर फायरिंग कर भाग निकले। वहीं, फायरिंग की घटना के बाद ग्रामीण भयभीत और माहौल तनावपूर्ण देखा गया। घटना के मद्देनजर गांव में एहतियातन पुलिस तैनात की गई है।
फायरिंग की घटना के बाद अंजनी देवी के घर पर जुटे ग्रामीणों ने बताया कि उसके पति लालजी पटेल का बीते 25 वर्षों से पता नहीं है। लालजी कहां चले गए यह कोई नहीं जानता है। अंजनी देवी अपने बड़े बेटे संजय और बेटियों संगीता व सुनीता के साथ रहती थी। संजय और दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। ग्रामीणों ने बताया कि किसान परिवार की किसी से क्या रंजिश हो सकती है। कुछेक जमीनों के कब्जे का विवाद चल रहा है। इस संबंध में अंजनी और उसका बेटा संजय ही बेहतर तरीके से बता सकेंगे। इस संबंध में इंस्पेक्टर सारनाथ ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
---------
वो फिर आएंगे और गोली मारेंगे हमें
बदमाशों की फायरिंग के दौरान बाल-बाल बची अंजनी बेटी सुनीता घंटों बाद भी सहमी हुई थी। रह-रह कर वो बेहोश हो जा रही थी और होश में आते ही कह रही थी कि वो बदमाश फिर आएंगे और हम सबको गोली मार देंगे। वहीं, वारदात के दौरान अंजनी के हाथों दवा पी रही उसकी पोती मुस्कान भी बेहद डरी हुई थी और काफी देर तक कुछ बोल नहीं पा रही थी।
-------
चोर समझ कर मारापीटा और फिर छोड़ दिया
फायरिंग करने वाले तीनों बदमाशों के मौके से भागने के बाद उनमें से एक रजनहिया गांव स्थित एक घर में घुस गया। लोगों ने उसे चोर समझकर जमकर पिटाई की और नाम-पता पूछा तो खुद को उसने रमदत्तपुर निवासी बताया। पिटाई करने के बाद ग्रामीणों ने उसे छोड़ दिया तो पता लगा कि वो फायरिंग करने वाले बदमाशों में शामिल था। ग्रामीणाें ने इसके बाद उसकी काफी खोजबीन की लेकिन पता नहीं लग सका।