वाराणसी। शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण के मद्देनजर द क्लाइमेट एजेंडा द्वारा जिला फोरम का गठन किया गया है। सौ प्रतिशत उत्तर प्रदेश अभियान की प्रमुख एकता शेखर ने रविवार को शिवाजी नगर में यह जानकारी दी।
बताया कि फोरम में शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा, खेल, वकालत, पत्रकारिता सहित समाज के अन्य प्रमुख क्षेत्रों के लोग शामिल हैं। यह फोरम बढ़ते वायु प्रदूषण के प्रति आमजन को जागरूक करेगा। साथ ही, समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन और शासन स्तर पर पैरोकारी भी करेगा।
आगामी दिनों में इसी तरह का जिला स्तरीय फोरम मऊ, बलिया, इलाहाबाद, प्रतापगढ़, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, आगरा और मेरठ में भी बनाया जाएगा। महिलाओं, बच्चों और युवाओं को साथ लेकर स्वच्छ वायु के अधिकार की लड़ाई जारी रहेगी।
इससे पहले जिला फोरम के सदस्यों की बैठक हुई और वायु प्रदूषण के खिलाफ निरंतर जागरूकता अभियान चलाए जाने का संकल्प लिया। तय हुआ कि फोरम की अगली बैठक मई में होगी। बैठक में जागृति राही, नीलम पटेल, इंदु पांडेय, दीपक पुजारी, सतीश सिंह, डॉ. अनूप श्रमिक, एसपी राय, चिंतामणि सेठ, श्वेता, सोनू कुमार झा, रितेश आदि मौजूद रहे।