वाराणसी। गंगा की निर्मलता और स्वच्छता के लिए बुधवार को हुए ‘रन फॉर गंगा’ में शहर उमड़ पड़ा। हर वर्ग के लोग उत्साह से शामिल हुए और दौड़ लगाकर गंगा स्वच्छता की अलख जगाई।
युवाओं, प्रबुद्धजनों के अलावा विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि, खिलाड़ी और सेना के जवान भी शामिल हुए। नगर निगम की ओर से सुबह छह बजे ‘रन फॉर गंगा’ की शुरुआत सिगरा स्टेडियम से की गई। यहां मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर लगभग 2000 प्रतिभागियों को रवाना किया। एनडीआरएफ 11 बटालियन, सीआरपीएफ 95 बटालियन के जवानों के अलावा खिलाडि़यों और स्कूली बच्चों ने भी दौड़ में शामिल होकर शहरवासियों का उत्साह बढ़ाया। सिगरा स्टेडियम से शुरू हुई दौड़ रथयात्रा, लक्सा, गोदौलिया होते हुए दशाश्वमेध घाट पहुंचकर समाप्त हुई। इसके बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट पर हुए आयोजन में गंगा की स्वच्छता और निर्मलता के सामूहिक प्रयत्न का आह्वान किया गया। अपर नगर आयुक्त मोती लाल सिंह ने प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कृत किया। पुरुष वर्ग में सुनील यादव और महिला वर्ग में आरती यादव ने पहला स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर रहे रमेश यादव व सुधा पाल। तीसरे स्थान पर मनीष यादव और प्रेमलता रहे। उधर, एशियन सहयोगी संस्था इंडिया की ओर से वरुणा पुल के नीचे स्थित मलिन बस्ती में जागरूकता अभियान चलाया गया। कपड़ा वितरित किया गया। समन्वय यहुशैकत शिवपुरी ने लोगों को वरुणा संरक्षण के अलावा साफ-सफाई, शिक्षा के प्रति जागरूक किया।