औराई। थानाक्षेत्र के कैयरमऊ गांव में बृहस्पतिवार को दोपहर में पीएसी जवानों की बस हाईटेंशन तार से सट गई। इससे करेंट की चपेट में आने से एक जवान गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत चिंताजनक होने पर उसे रेफर कर दिया गया। चालक की सक्रियता से बड़ी घटना टल गई, अन्यथा भारी नुकसान से इनकार नहीं किया जा सकता था।
औराई के सीमावर्ती गांव कैयरमऊ के कोटे की दूकान एक साल से बर्खास्त चल रही है। बृहस्पतिवार को गांव में कोटा आवंटन को लेकर खुली बैठक का आयोजन किया गया था। आरईएस के जेई वीरेंद्र कुमार और ग्राम पंचायत अधिकारी धर्मराज की देखरेख में बैठक चल रही थी कि किसी ने वहां विवाद होने की सूचना दे दी। सुरक्षा के मद्देनजर 39 वाहिनी पीएसी के जवानों को मौके पर भेजा गया। पीएसी के वाहन में बैठकर जवान कैयरमऊ पहुंच गए। बस में बैठे ज्यादातर जवान उतर गए पांच से छह की संख्या में जवान उतर रहे थे कि चालक बस को पीछे करने लगा। उसी दौरान वहां से गुजरा हाईटेंशन तार बस में छू गया और चिंगारी निकलने लगी। बस के गेट पर खड़े पीएसी के जवान राकेश यादव करेंट की चपेट में आने से नीचे गिर गए। चालक ने सक्रियता दिखाते हुए बस को खेत में उतार दिया। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। खबर मिलते ही एसओ औराई शेषधर पांडेय और एसआई हरिवंश यादव मौके पर पहुंच गए। झुलसे जवान को सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालत चिंताजनक होने पर चिकित्सकों ने अन्यत्र रेफर कर दिया। माना जा रहा है कि चालक अगर सक्रियता न दिखाता तो किसी बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। एसडीएम औराई केशवनाथ ने कहा कि जवान को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाईटेंशन तार लटकने के मामले में बिजली विभाग के अधिकारियों को तलब किया गया है।