वाराणसी। जाम की समस्या से जूझ रहे शहर को निजात दिलाने और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और सड़कों को अत्याधुनिक कैमरों से लैस किया जाएगा। इसके लिए चौराहों का सर्वे का काम भी शुरू करा दिया गया है। 15 जनवरी तक सर्वे का काम पूरा कर वहां काम भी शुरू करा दिया जाएगा। पहले चरण में पांडेयपुर, कचहरी, पुलिस लाइन, नदेसर, मलदहिया, अंधरापुल, चौकाघाट, कैंट स्टेशन एवं इग्लिशिया लाइन तिराहे को अत्याधुनिक बनाया जाएगा।
इन चौराहों पर उच्च क्षमता के कैमरे लगाए जाएंगे जो 100 मीटर की रेंज में चारों ओर के क्षेत्र को कवर करेंगे। इससे पूरी ट्रैफिक व्यवस्था की मॉनीटरिंग केलिए सिगरा स्थित नगर निगम के शहीद उद्यान में सिटी कमांड कंट्रोल कार्यालय भी बनकर लगभग तैयार हो चुका है। वहीं से शहर की पूरी यातायात व्यवस्था पर निगहबानी की जाएगी। स्मार्ट शहरों की सूची में काशी के शामिल होने के बाद क्षेत्र आधारित विकास के तहत पहले चरण में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था के सुधारने पर काम शुरू हो गया है।
इसके लिए नामित कंपनी/कार्यदायी संस्था शापूरजी पालमा के अधिकारी और कर्मचारियों ने भी काम शुरू कर दिया है। 15 जनवरी तक 10 फीसदी बैंक गारंटी पर नगर निगम से अनुबंध के बाद चौराहों पर काम शुरू हो जाएगा। इसके तहत कंपनी शहर में स्मार्ट ट्रैफिक, स्मार्ट सर्विलांस, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट स्मार्ट वेस्ट, स्मार्ट पार्किंग और स्मार्ट इन्वायरमेंट सेंसर मैनेजमेंट पर काम होना है। इसके लिए केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से तीन किस्तों में 321 करोड़ रुपये स्वीकृत भी हो चुके हैं। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने पर 145 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं।