वाराणसी। सिंह सिस्टर्स की आकांक्षा सिंह ने बंगलूरू में बिजनेस टाइकून नितिन बुलचंदानी के साथ 25 नवंबर को शादी के बंधन में बंध गईं। बंगलूरू के होटल में आयोजित विवाह समारोह में परिवार और खेल जगत की तमाम हस्तियां मौजूद थीं। कॉलेज के बास्केटबाल कोर्ट से शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। पीले रंग की बनारसी साड़ी में आकांक्षा ने नितिन का हाथ थामा। सिंह सिस्टर्स में चौथे नंबर की बहन आकांक्षा भारतीय बास्केटबाल टीम की कप्तान भी हैं।
आकांक्षा ने बताया कि शादी सिख और सिंधी रीति के अनुसार संपन्न हुई। नितिन से आकांक्षा की मुलाकात सेंट स्टीफेंस कॉलेज में आठ साल पहले हुई थी। कॉलेज के बास्केटबाल कोर्ट पर हम लोग साथ खेलते थे। नितिन का पारिवारिक व्यवसाय रियल स्टेट का है। हम लोगों में एक बेहद कामन बात है कि हम बास्केटबाल को दिल से प्यार करते हैं। बास्केटबाल ने ही हम लोगों को जोड़ा है। शादी के दौरान रिश्तेदार, दोस्त और दोनों तरफ के परिवार के लोग उपस्थित रहे। शादी के बाद आकांक्षा बंगलूरू में ही सैटल हो जाएंगी। आकांक्षा के पिता गौरी शंकर सिंह, बहन अर्जुन अवार्डी प्रशांति सिंह और प्रतिमा सिंह समेत परिवार के सभी लोग समारोह में उपस्थित रहे।