मिर्जामुराद/वाराणसी। आदर्श ग्राम नागेपुर स्थित लोक समिति आश्रम में सोमवार को आयोजित लोक संवाद कार्यक्रम के बाद प्रतिरोध मार्च निकाल रहे आंदोलनकारियों को पुलिस ने रोक दिया। इसके विरोध में उनकी पुलिस से जमकर नोकझोंक हुई। एसडीएम राजातालाब ईशा दोहन और सीओ के आश्वासन पर आंदोलनकारी तीन सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। लोक संवाद में 15 राज्यों के प्रतिनिधि शामिल थे। उधर दोपहर में बीएचयू गेट से पीएम संसदीय कार्यालय जा रहे युवाओं को भी पुलिस ने रोक लिया।
बीएचयू सहित अन्य विश्वविद्यालयों में छात्र आंदोलनों के समर्थन में प्रधानमंत्री को संबोधित तीन सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम को सौंपा गया। एसडीएम ने बताया कि निकाय चुनाव के चलते आचार संहिता लागू है। ऐसे में धरना प्रदर्शन संभव नहीं है। इस पर आंदोलनकारी सड़क पर बैठ कर प्रदर्शन करने लगे। लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर के समझाने पर सभी शांत हुए। इसमें सुरेश राठौर, महेंद्र राठौर, श्यामसुंदर मास्टर, मुकेश पटेल, पंचमुखी, अखिलेश समेत बीएचयू के छात्र शामिल रहे। इसके पूर्व लोक समिति आश्रम में सोमवार को समस्याओं व समाधान को लेकर संवाद किया। किसान मुक्ति मोर्चा के संयोजक व मध्यप्रदेश के पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम ने कहा कि नौजवानों के उर्जा उपयोग समाज व देश हित में होना चाहिए।