वाराणसी। लंका थाना अंतर्गत टिकरी गांव में मंगलवार की रात पारिवारिक कलह से आजिज आकर उर्मिला (32) ने फांसी लगा कर जान दे दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, उर्मिला के भाई झंडूलाल ने लंका थाने में अपने जीजा भैयालाल बिंद पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस भैयालाल को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही गई है।
टिकरी निवासी पेशे से वाहन चालक भैयालाल की शादी 15 वर्ष पूर्व भदोही के चौरी की उर्मिला देवी के साथ हुई थी। झंडूलाल ने बताया तीन बच्चों का पिता भैयालाल शराब पीने का आदी है और आए दिन नशे में पत्नी की पिटाई करता था। मंगलवार की रात भी उसने उर्मिला की पिटाई की। उर्मिला ने फोन कर इसकी जानकारी भाई झंडूलाल को दी थी। इसके बाद तीनों बच्चे, उर्मिला और भैयालाल सो गए। सुबह बच्चे सोकर उठे तो देखे कि उर्मिला नायलोन की रस्सी के सहारे टीनशेड में लगी पाइप से लटकी हुई है। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने झंडूलाल को जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।