वाराणसी। बीएचयू में मंगलवार से दिव्यांग छात्रों की काउंसलिंग के साथ प्रवेश प्रक्रिया की शुरुआत हुई। बीए (आनर्स) में प्रवेश के लिए छात्र उत्साहित दिखे। कई छात्र बारिश के बीच तो अभिभावकों के साथ भीगते हुए काउंसलिंग हाल तक पहुंचे। उधर विधि संकाय में भी बीए एलएलबी (ऑनर्स) में प्रवेश लेने वालों की भीड़ लगी रही।
विश्वविद्यालय में पहले दिन कला और विधि संकाय में काउंसलिंग के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ लगी रही। अभ्यर्थी सुबह नौ बजे से संकाय में पहुंचने लगे। कला संकाय प्रमुख प्रो. कुमार पंकज के देखरेख में डॉ. राधाकृष्णन सभागार में चली काउंसलिंग में पहले दिन दिव्यांग छात्रों को बुलाया गया। यहां छात्रों ने आवेदन पत्र भरा। इसके बाद विषय चयन कर जरूरी प्रमाणपत्रों की जांच कराई। यहां से कागजी कार्यवाही पूरी करने के बाद छात्र प्रथम तल स्थित कंप्यूटर लैब पहुंचे। विषय कंबिनेशन प्रीफरेशन, हास्टल आदि आवेदन के लिए ऑनलाइन भरा।
आज से संकायों में बढ़ेगी छात्रों की भीड़
बीएचयू में दाखिले के लिए बुधवार से संकायों में छात्र-छात्राओं की भीड़ बढ़ेगी। कला संकाय प्रमुख ने बताया कि बुधवार को कला संकाय और समाज विज्ञान संकाय में सामान्य ओबीसी, एससी, एसटी आदि संवर्ग के छात्रों को बुलाया गया है। इसके अलावा विधि संकाय, मंच कला संकाय में भी दाखिला होगा। बताया कि विस्तृत जानकारी वेबसाइट के साथ ही काउंसलिंग स्थल पर चस्पा कराई गई है।
बीएड में दाखिले के लिए 13 से काउंसलिंग
बीएचयू राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में बीएड, विशिष्ट बीएड और संबद्ध आर्य महिला पीजी कॉलेज, बसंता कॉलेज फार वुमेन में बीएड सत्र 2017-19 में दाखिले के लिए 13 जुलाई से काउंसलिंग शुरू होगी। शिक्षा संकाय प्रमुख ने बताया कि कमच्छा स्थित संकाय परिसर में सुबह 9.30 बजे से प्रवेश होगा। बताया कि कट ऑफ के बारे में विस्तृत जानकारी संकाय से प्राप्त की जा सकती है।
शास्त्री ऑनर्स में सात से काउंसलिंग
विश्वविद्यालय के संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय में शास्त्री ऑनर्स में प्रवेश के लिए सात जुलाई से काउंसलिंग शुरू होगी। संकाय प्रमुख ने बताया कि सात से 11 जुलाई तक सामान्य, और 13 से 15 जुलाई तक पेड सीट के तहत दाखिला होगा। बताया कि संबंधित छात्र-छात्रा काउंसलिंग पोर्टल के तहत यूजी स्टूडेंट लॉगिन के माध्यम से काल लेटर प्राप्त कर सकते हैं। इसके अनुसार दस्तावेजों सहित काउंसलिंग के लिए उपस्थित होना अनिवार्य है।