वाराणसी। चौक थाने में पुलिस हिरासत में बड़ागांव क्षेत्र निवासी बंसी सेठ को प्रताड़ित किए जाने के मामले की जांच सीओ दशाश्वमेध ने शुरू कर दी है। बंसी, उसके मौसेरे भाई और चौक थाने के पुलिसकर्मियों का बयान दर्ज कर सीओ दशाश्वमेध जल्द ही रिपोर्ट एसएसपी को सौंपेंगी। सीओ दशाश्वमेध की रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी मामले में कार्रवाई करेंगे।
चौक थाने के सामने सोमवार को बंसी के परिजनों ने हंगामा करते हुए धरना दिया था। आरोप था कि बंसी और उसके मौसेरे भाई कृष्णा को हार चोरी के मामले में पूछताछ के लिए चौक पुलिस ने बुलाया। इस दौरान दोनों की बर्बरता से पिटाई की गई और इलेक्ट्रिक शॉक दिया गया। हालत बिगड़ने पर बेहोशी की हालत में बंसी को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया और वहां से दीनदयाल अस्पताल भेज दिया गया। प्रकरण एसएसपी के संज्ञान में आया तो उन्होंने सीओ दशाश्वमेध को जांच सौंप कर रिपोर्ट मांगी।
जिले में इससे पहले भी पुलिस हिरासत में प्रताड़ना के मामले सामने आए हैं। जून 2018 में मिर्जामुराद थाने में 14 वर्षीय किशोर को एक हफ्ते तक हिरासत में रख कर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया था। अक्तूबर 2017 में जैतपुरा थाने में पुलिस हिरासत में टॉयलेट क्लीनर पीने से बुनकर पिंटू राजभर की मौत हो गई थी। नवंबर 2015 में कैंट थाने में दो सगे भाइयों को दो हफ्ते तक अवैध तरीके से हिरासत में रख कर प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया था।