वाराणसी। वरुणा पार क्षेत्र में शुद्ध जल सप्लाई के पाइप लाइन टेस्टिंग के दौरान कई जगह लीकेज होने के कारण सड़क जर्जर हो गई है। शुक्रवार को भी टेस्टिंग के दौरान आजमगढ़ मार्ग पर छोटालालपुर व नई बस्ती काली मंदिर में पास लीकेज हो गया। वहीं नई बस्ती काली मंदिर के पास मेन रोड पर पाइपलाइन से फौव्वारा निकलने लगा। सड़क धंसने की आशंका से पांडेयपुर-आजमगढ़ मार्ग पर यातायात को बंद कर गाड़ियों को लालपुर पुलिस चौकी से भक्ति नगर काली जी मंदिर होकर डायवर्ट कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार कार्य की गुणवक्ता पर ध्यान नहीं दिए जाने के कारण भारी वाहनों के दबाव से पाइप लाइन चटक जा रही है। इससे टेस्टिंग के दौरान लीकेज होने पर सड़क जर्जर हो जा रही है। कुछ दिन पहले काली मंदिर के पास, पांडेयपुर चौराहा, नईबस्ती व कचहरी के पास अर्दली बाजार में जल निगम द्वारा डाले गई पाइप लाइन से पानी रिसाव के बाद सड़क धंस गई थी। यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया जाता है तो बड़ी दुर्घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता।