वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में 26 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनाव प्रचार की शुरुआत करेंगे। बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर मुख्यमंत्री कटिंग मेमोरियल इंटर कालेज में विजय संकल्प सभा को संबोधित करेेंगे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन गोपाल भी उपस्थित रहेंगे।
24 मार्च से भाजपा पूरे प्रदेश में विजय संकल्प सभा के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। पहले दिन गाजीपुर में केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा और मिर्जापुर में प्रदेश के राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी विजय संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। 26 मार्च को वाराणसी के कैंटोमेंट स्थित कटिंग मेमोरियल में विजय संकल्प सभा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। प्रचार अभियान के मद्देनजर शनिवार को गुलाब बाग कार्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने 26 मार्च की जनसभा के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। बैठक में राज्य मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक रविंद्र जायसवाल, सौरभ श्रीवास्तव, हंसराज विश्वकर्मा, प्रदीप अग्रहरी, दया शंकर मिश्र, आशा गुप्ता, कुसुम सिंह पटेल, अशोक पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने संच प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी है। संच प्रमुख चुनाव संचालन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। प्रत्येक संच प्रमुख को पांच सेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।