वाराणसी। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के भूमि पूजन के लिए आठ मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी पहुंचेंगे। सुबह नौ बजे काशी पहुंचने के बाद पीएम मोदी यहां ढाई घंटे रुकेंगे। इस दौरान कॉरिडोर का भूमि पूजन के बाद हस्तकला संकुल में प्रदेश भर की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार को पीएम मोदी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके बाद प्रशासन काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लिए ध्वस्तीकरण को बंद कर मलबे को हटाने में जुट गया है। यहां जमीन का समतलीकरण तेज करा दिया है।
25 हजार वर्गमीटर प्रस्तावित काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भूमि पूजन आठ मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेेंगे। सुबह ही काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना के बाद कॉरिडोर का भूमि पूजन करेेंगे। इसके लिए 18 हजार वर्गमीटर भूमि को समतलीकरण कर दिया गया है। इसके बाद प्रधानमंत्री हस्तकला संकुल में प्रदेश भर की स्वयं सहायता समूह के महिलाओं की प्रदर्शनी का उदघाटन करेंगे। यहां महिला सशक्तिकरण पर उनसे संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम जारी होने के बाद प्रशासनिक अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल और जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर मंदिर प्रशासन से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की।