रोहनिया। हरदत्तपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की रात कुछ ट्रेनों को घंटों खड़ा किए जाने को लेकर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। तोड़फोड़ के साथ यात्रियों ने स्टेशन मास्टर केबिन पर पथराव भी किया। इसके चलते रेलवे स्टेशन पर घंटों अफरातफरी का माहौल रहा।
हरदत्तपुर रेलवे स्टेशन पर आए दिन बवाल हो रहा है। पुणे से मंडुवाडीह आने वाली ज्ञान गंगा को हरदत्तपुर रेलवे स्टेशन पर खड़ा कर दिया गया। इसके बाद इलाहाबाद से मंडुवाडीह आने वाली मेमू ट्रेन को भी स्टेशन पर रोक दिया गया। एक मेला स्पेशल भी आकर स्टेशन पर रुक गई। जब लंबे समय तक ट्रेनों को नहीं चलाया गया तो यात्रियों ने उतरकर पूछताछ शुरू कर दी। कर्मचारियों ने सिगनल न मिलने को कारण बताया। धीरे-धीरे वाद-विवाद और फिर हो-हल्ला शुरू हो गया। यात्रियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ लोगों ने प्लेटफार्म पर पड़े व्हील चेयर, पानी की टोटियां आदि तोड़ दीं। स्टेशन मास्टर के केबिन पर भी पथराव किया गया। किसी तरह टेनों को आगे बढ़ाया गया और यात्रियों को समझा बुझाकर शांत कराया गया। रेलवे स्टेशन पर आए दिन हो रहे हंगामे से रेल कर्मचारी काफी डरे हुए हैं। आरपीएफ इसे रोक पाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हो रही है।