वाराणसी। वर्ल्ड हिंदू फेडरेशन का सम्मेलन वाराणसी में 20 जनवरी को होटल सूर्या में होगा। इसके मुख्य अतिथि नेपाल शंकराचार्य स्वामी हेमानंद गिरी (प्रथम महिला शंकराचार्य) आ रही हैं। विशिष्ट अतिथि स्वामी चिदानंद सरस्वती, नेपाल के पूर्व उपराष्ट्रपति डॉ. परमानंद झा होंगे। इसमें 50 देशों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। उद्घाटन समारोह के बाद हिंदू धर्म अलंकरण समारोह में विश्व के हिंदुओं के लिए कार्य कर रहे व्यक्तियों, विद्वानोें, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से चयनित लोगों को हिंदू भूषण, हिंदू श्री और धर्म श्री की उपाधि से अलंकृत किया जाएगा।
बुधवार को कैंटोंमेंट स्थित एक होटल पत्रकारों से फेडरेशन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि फेडरेशन का उद्देश्य विश्व के हिंदू समुदाय की धार्मिक उन्नति के लिए प्रयास करना है। हिंदू एकता के साथ साथ हिंदू हित के लिए धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, पारंपरिक, सामाजिक विरासत की रक्षा करना है। फेडरेशन सभी हिंदू संगठनों को एक मंच देने का काम करता है। हिंदू समाज के भीतर वैचारिक आदान-प्रदान, सूचनाओं का विवरण और परिस्थितियों पर गहन चिंतन मनन करता है।