वाराणसी। महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती पर मंगलवार से शुरू होने वाली दो दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी (25-26 दिसंबर) में फूलों की 20 से अधिक प्रजातियां देखने को मिलेंगी। देश के विभिन्न स्थानों से आने वाले फूल इसमें शामिल होंगे। मालवीय भवन में आयोजित प्रदर्शनी में बीएचयू, डीरेका, उद्यान विभाग आदि संस्थान प्रतिभाग करेंगे।
विश्वविद्यालय परिसर स्थित मालवीय भवन में 19 दिसंबर से शुुरू हुए कार्यक्रमों में 29 दिसंबर तक कला, साहित्य, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ ही मंगलवार को पुष्प प्रदर्शनी, मालवीय दीपावली का आयोजन होगा। इसको लेकर सोमवार को मालवीय भवन परिसर में देर शाम तक तैयारी चलती रही। उद्यान विशेषज्ञ इकाई के आचार्य प्रभारी और मालवीय स्मृति पुष्प प्रदर्शनी के सचिव प्रो. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि बनारस, लखनऊ के साथ ही कोलकाता आदि जगहों से फूल मंगाए गए हैं। 26 दिसंबर को शाम तीन बजे से पुष्प प्रदर्शनी के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।