वाराणसी। सिगरा स्टेडियम में हो रहे अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइज मनी पुरुष फुटबाल प्रतियोगिता के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले के प्रथम हाफ में उत्तर प्रदेश एकादश और रेलवे एफसी पूर्वी क्लब कोलकाता के बीच मुकाबला गोल रहित रहा। दूसरे हाफ में उत्तर प्रदेश एकादश ने कलात्मक फुटबाल का प्रदर्शन करते हुए रेलवे फुटबाल क्लब पूर्वी रेल कोलकाता पर दबाव बनाते हुए खेल के 60वें मिनट में रोहित ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। खेल के 75वें मिनट में उत्तर प्रदेश एकादश के लेफ्ट आउट प्रतीक शर्मा के सटीक लंबे लो पास पर शुभम लोचन ने बड़ी आसानी से गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया और टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। यही गोल निर्णायक साबित हुआ। इस मैच के विशिष्ट अतिथि सचिव जिला फुटबाल संघ मोहम्मद शाहिद रहे। निर्णायक रमेश जौसल, ओम प्रकाश, मेहरूद्दीन, अभिषेक, हाजीमुनौवर, उपेंद्र शुक्ला, मनोज तिवारी, धीरज कुमार रहे।
वहीं पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सीएजी मुंबई ने सिटी क्लब दिल्ली को 2-1 से हराया। प्रथम हाफ गोल रहित रहने के बाद सीएजी तथा सिटी क्लब के खलाड़ियों ने जोर आजमाइश शुरू की। सीएजी की अग्रिम पंक्ति के खिलाड़ी को खेल के 79वें मिनट में पेनाल्टी एरिया में बाधा पहुंचाए जाने पर मिली पेनाल्टी को मिथुन विलवेट ने गोल में परिवर्तित कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। गोल खाने के बाद दिल्ली की टीम ने लगातार आक्रमण किया पर सफलता नहीं मिली। सीएजी के सौरभ रावत ने खेल के 88वें मिनट में गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। दो गोल से पिछड़ने के बावजूद दिल्ली के खिलाड़ियों ने हौसला नहीं छोड़ा और खेल के इंजरी टाइम में प्रदीप के क्रास पास पर वीरेंद्र सिंह ने हेड द्वारा गोल कर 2-1 गोल कर दिया। विशेष अतिथि उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के सचिव राजेश सिंह रहे। प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंद्रमौली पांडेय, क्रीड़ा अधिकारी दिव्या वर्मा आदि लोग मौजूद रहे।